था, थे, थी। यह तीन अच्छर ही हमें प्रिय हैं। यह हमें भूत की ओर ले जाते हैं। हमारे पूर्वजों से हमारा सानिध्य कराते हैं। उनकी यशोकीर्ति के बारे में हमें बताते है। हमारी असफलताओं पर हमें ग्लानि से बचाते हैं। हर हाल में हमें संतोष का पाठ पढ़ाते हैं। हमें सिर उठा कर जीना सिखाते हैं।
हम थे । हमारे पुरखे थे। हम कुछ नहीं तो क्या। इस भाव की कल्पना मात्र ही हमें तनाव मुक्त कर देती है। यही नहीं, हम क्या होंगे? इसको भी सोचने की जरूरत से हम मुक्त हो जाते हैं। क्योंकि कभी तो हम थे।
कहते हैं आगे बढ़ने वाले पैर को पीछे वाले पैर का सहारा लेना होता है, नहीं तो गति नहीं बन पाती। हर चलने वाला पीछे के पैर को जब जमा लेता है तब अगला पैर उठता है।
भूत से वर्तमान और वर्तमान से भविष्य में यात्रा करने के लिए भूत में पैर जमाना आवश्यक है। लेकिन वह आवश्यकता से अधिक जम जाए तो गति अवरुद्ध हो जाती है।
बात व्यक्ति की हो राष्ट्र की, दोनों के सम्बंध में यह सिद्धान्त लागू होता है। जहाँ भूत का धोतक था, थे, थी है, वहीं वर्तमान का प्रतिनिधि ‘है’ और भविष्य का प्रतिनिधि है ‘होगा’।
हम एक व्यक्ति और राष्ट्र के रूप में था, थे, थी के आगे ‘है’ या ‘होंगे’ का राग सुन पाने में स्वयं को असमर्थ न बनाएं।
‘था’, ‘थे’, ‘थी’ विशद ज्ञान हमारे ‘हैं’ और ‘होंगे’ पर हावी न हो तो बेहतर है। अन्यथा हम प्रतिमार्ग पर गतिहीन सिद्ध होने लगेंगे।
जहाँ हमारी गति है वहाँ हम ‘था, थे, थी’ के प्रभाव से मुक्त हैं। फैशनपरस्ती और सभी प्रकार की उच्छंखलताओं के सन्दर्भ में हम ‘था, थे, थी’ के विचारों को नज़रअन्दाज़ कर देते हैं। वहाँ हमारी प्रगति अच्छी है। अन्य क्षेत्रों मे हम ‘था, थे, थी’ के गुलाम हैं। उन क्षेत्रों में हमारी प्रगति नगण्य है।
सफलता और प्रगति ‘था, थे, थी’ की नहीं ‘है’ और ‘होगा’ कि मोहताज़ है। वर्तमान टटोले, भविष्य रचेंगे। भूत के सागर में गोते लगाने से सिर्फ इतिहास बनेगा।
दुनिया इतिहास बनाना नहीं चाहती। वह चाँद सितारों का सपना देख रही है। चाँद ओर दूसरे ग्रहों पर जाने का सपना देखने वाली दुनिया अनुभवों पर नहीं सपनों पर थिरकती है। उसके लिए इतिहास निरर्थक है। वह उसे भूलाती जा रही है। यही कारण है कि दुनिया के लोग तनाव में जी रहे हैं। द्वन्द्व में टूट रहे हैं। इतिहास से सबक लेकर आगे बढ़ा जाये। इतिहास में अनुभव छिपा है। अनुभव भावी ज्ञान का झरोखा है। लेकिन मात्र झरोखे से झांकते रहना प्रगति मार्ग प्रशस्त नहीं करेगा। झरोखे से दूर व्योम को देखे। आगे बढ़े। यही प्रगति के लिए आवश्यक है। श्रेयस्कर भी।